रायपुर , अक्टूबर 26 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में चाकूबाजी की दो अलग-अलग घटनाओं में तीन युवक घायल हो गए। डीडी नगर थाना क्षेत्र के कुशालपुर में कुछ युवकों ने एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, विधानसभा थाना क्षेत्र के सड्डू में रास्ता रोककर किए गए हमले में दो युवक घायल हो गए। पुलिस ने सड्डू की घटना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय निवासियों से आज प्राप्त जानकारी के अनुसार, डीडी नगर थाना क्षेत्र के कुशालपुर स्थित पेट्रोल पंप के पास बीती रात करीब 11 बजे 5 से 6 युवकों ने रूपांशों यादव को घेरकर उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमलावरों ने युवक पर 6 से 7 बार चाकू से वार किए। हमले में उसके सीने, कंधे, पैर और कमर के नीचे गंभीर चोटें आई हैं।

घायल रूपांशों यादव डगनिया पानी टंकी के पास का रहने वाला है। घटना के बाद उसे उपचार के लिए गायत्री हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका ऑपरेशन किया। उसकी हालत फिलहाल नाजुक बताई जा रही है। हमले के कारणों और इसमें शामिल युवकों की पहचान के संबंध में अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

इसी तरह चाकूबाजी की दूसरी घटना 22 अक्टूबर को दोपहर करीब 2 बजे विधानसभा थाना क्षेत्र के सड्डू सेक्टर-8 में डॉक्टर बीआर भगत के घर के पास हुई। पुलिस के अनुसार, संदीप मौर्य अपने दोस्तों मनीष चौधरी और एस. रवि के साथ बाइक से लौट रहा था। इसी दौरान सफेद स्कूटी पर सवार दो युवकों ने उनकी बाइक के सामने स्कूटी खड़ी कर रास्ता रोक लिया।

आरोप है कि स्कूटी सवार युवकों ने तीनों दोस्तों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इस दौरान एक युवक ने मनीष चौधरी को मुक्का मार दिया। विवाद बढ़ने पर सफेद शर्ट-पैंट पहने युवक ने चाकू निकालकर एस. रवि के पेट में वार कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे संदीप मौर्य पर भी चाकू से हमला किया गया, जिससे वह घायल हो गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित