रायपुर , जून 24 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा मानकों की स्थिति परखने के लिए नगर निगम की संयुक्त टीम ने विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। जांच के दौरान आज कुछ प्रमुख संस्थानों में निर्धारित क्षमता से अधिक विद्यार्थियों के बैठने, अपर्याप्त वेंटिलेशन तथा अग्नि सुरक्षा मानकों के पालन में कमियां सामने आईं।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार संयुक्त निरीक्षण दल ने एलन, अनअकादमी, विद्यापीठ, आरसीसी तथा अकादजा कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान एलन, अनअकादमी और विद्यापीठ की कुछ कक्षाओं में स्वीकृत क्षमता से अधिक विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई। साथ ही हवा के संचार व्यवस्था में भी कमियां पाई गईं। हालांकि अन्य आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं संतोषजनक बताई गई हैं।
निरीक्षण में आरसीसी और अकादजा कोचिंग संस्थानों में फायर सेफ्टी नियमों के अनुपालन, वेंटिलेशन, प्रवेश एवं निकास मार्गों सहित अन्य सुरक्षा प्रावधानों में कई खामियां चिन्हित की गईं। अधिकारियों ने संबंधित संस्थानों के संचालकों को एक सप्ताह के भीतर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
नगर निगम ने संबंधित जोन अधिकारियों को नियमानुसार नोटिस जारी कर अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। संस्थान संचालकों को चेतावनी दी गई है कि निर्धारित अवधि के भीतर कमियों का निराकरण नहीं होने की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
यह विशेष अभियान जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के निर्देश पर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के मार्गदर्शन में संचालित किया गया। अभियान का उद्देश्य कोचिंग संस्थानों में शासन द्वारा निर्धारित अग्नि सुरक्षा, लिफ्ट सुरक्षा और अन्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की समीक्षा करना था। निरीक्षण दल में नगर निगम के अभियंताओं, अग्निशमन विभाग के अधिकारियों तथा अन्य संबंधित विभागों के कर्मचारियों को शामिल किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित