रायपुर , जुलाई 27 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के मोवा स्थित अशोका आइकन कॉलोनी में एक कोयला कारोबारी के घर से करीब 70 लाख रुपये की चोरी का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और जल्द ही गिरफ्तारी एवं बरामदगी को लेकर आधिकारिक खुलासा किए जाने की बात कही है।

पुलिस के अनुसार, मोवा निवासी कोयला कारोबारी पंकज अग्रवाल ने महेंद्र कुमार यादव को 14 जुलाई से अपने घर में रसोइए के रूप में काम पर रखा था। महेंद्र इससे पहले भी करीब आठ दिन उनके यहां कार्य कर चुका था, जिससे उसे परिवार की दिनचर्या तथा घर के भीतर की व्यवस्था की जानकारी थी।

बताया गया कि रविवार को पंकज अग्रवाल अपने परिवार के साथ दोपहर करीब दो बजे निजी कार्य से नया रायपुर गए थे। उस समय घर में केवल रसोइया महेंद्र मौजूद था। शाम करीब सात बजे परिवार के लौटने पर मुख्य दरवाजा बंद मिला, जबकि पीछे का गेट खुला था। बेडरूम में पहुंचने पर अलमारी खुली मिली और उसमें रखा सामान गायब था।

प्राथमिक जांच में अलमारी से 51.50 लाख रुपये नकद चोरी होने की पुष्टि हुई है। इसके अलावा पत्नी और बेटी के सोने के कंगन, गले का सेट, कान के आभूषण, गिन्नियां, झुमके, टॉप्स, ब्रेसलेट तथा करीब 20 चांदी के सिक्के भी चोरी पाए गए। चोरी गए नकदी और जेवरात की कुल कीमत करीब 70 लाख रुपये आंकी गई है।

जांच में सामने आया है कि आरोपी महेंद्र कुमार यादव कथित रूप से अपने साथियों के साथ वारदात को अंजाम देने के बाद चोरी का सामान लैपटॉप बैग में भरकर फरार हो गया। घटना के बाद से उसका मोबाइल फोन भी बंद था।

पंडरी थाना पुलिस ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं। फोरेंसिक टीम की सहायता से जांच की जा रही है। कॉलोनी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही आरोपी के मोबाइल नंबर, पुराने रिकॉर्ड, बिहार स्थित पते तथा उसके संपर्क में रहने वाले लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस ने बताया कि मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा बरामदगी और पूरे घटनाक्रम का आधिकारिक खुलासा शीघ्र किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित