रायपुर , नवंबर 02 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने महाराष्ट्र के नागपुर निवासी दो महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1.972 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 98 हजार 600 रुपये आंकी गई है।
पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार, एक नवंबर को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और कोतवाली थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। पुलिस को जानकारी मिली थी कि कोतवाली थाना क्षेत्र की अहमद जी कॉलोनी में बाबर बंगला के समीप इमली के पेड़ के नीचे दो महिलाएं गांजा बेचने के उद्देश्य से संभावित ग्राहकों की तलाश कर रही हैं।
सूचना की पुष्टि के लिए संयुक्त पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां संदिग्ध हुलिए की दो महिलाएं दिखाई दीं। पुलिसकर्मियों को अपनी ओर आते देखकर दोनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
पूछताछ में महिलाओं ने अपनी पहचान रंजना उर्फ राजना पात्रे (60) और सीमा उर्फ नीलम पात्रे (45), निवासी नागपुर, महाराष्ट्र के रूप में बताई। पुलिस ने उनके पास मौजूद थैले की तलाशी ली, जिसमें 1.972 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे को जब्त कर दोनों महिलाओं को हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि गिरफ्तार दोनों महिलाएं पूर्व में चोरी के मामलों में जेल जा चुकी हैं। पुलिस उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की विस्तृत जानकारी एकत्र कर रही है।
इस मामले में कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 415/26 दर्ज कर दोनों आरोपियों के विरुद्ध स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम की धारा 20(बी) के तहत कार्रवाई की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित