रायपुर , अगस्त 22 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में बिजली का करंट लगने से मां और बेटे की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब महिला बालकनी में सूख रहे कपड़े उतारने पहुंची थी। प्रारंभिक जांच में कूलर से जीआई पाइप और बालकनी की रेलिंग में करंट फैलने की आशंका सामने आई है।
पुलिस से शनिवार सुबह मिली जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान कल्याणी यादव (54) और उनके बेटे मधुसूदन यादव (23) के रूप में हुई है। दोनों धरसींवा क्षेत्र के कूंरा गांव के निवासी थे और उनका परिवार खेती-किसानी से जुड़ा है। कल्याणी अपने बेटे के साथ रायपुर में रह रही बेटी से मिलने आई थीं। उनकी बेटी छत्तीसगढ़ नगर में किराए के मकान में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है।
घटना शुक्रवार दोपहर की बताई गई है। कल्याणी बालकनी में सूख रहे कपड़े लेने गई थीं। कपड़े उतारने के दौरान जैसे ही उन्होंने वहां लगे जीआई पाइप को छुआ, वह करंट की चपेट में आकर पाइप से चिपक गईं। मां को करंट लगते देख मधुसूदन उन्हें बचाने के लिए पहुंचा और छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद टिकरापारा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। मामले में मर्ग कायम कर घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मकान की बालकनी में कपड़े सुखाने के लिए विंडो कूलर और रेलिंग के बीच जीआई पाइप लगाया गया था और उसी पर कपड़े सुखाए जाते थे। आशंका जताई जा रही है कि कूलर में करंट आने के बाद बिजली का प्रवाह जीआई पाइप के साथ बालकनी की रेलिंग तक पहुंच गया, जिसकी चपेट में आने से मां-बेटे की जान चली गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित