रायपुर , जून 11 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के एमजी रोड स्थित जया ऑटोमोबाइल भवन में गुरुवार को लगी भीषण आग पर घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद भी पूरी तरह नियंत्रण नहीं पाया जा सका। आग ने भवन की दूसरी और तीसरी मंजिल को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे लाखों से करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार मौदहापारा थाना क्षेत्र में स्थित प्रतिष्ठान में आज सुबह लगभग 10 बजे आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दोपहर तक आग पर पूर्ण नियंत्रण नहीं हो सका था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने से पहले भवन के भीतर से धुआं उठता दिखाई दिया था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एमसीबी संचालित करने के बाद शॉर्ट सर्किट होने से आग लगने की आशंका व्यक्त की जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच जारी है।
बताया गया है कि भवन के भीतर बड़ी मात्रा में वाहन स्पेयर पार्ट्स, टायर, ट्यूब, प्लास्टिक सामग्री तथा ज्वलनशील लुब्रिकेंट्स रखे हुए थे, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई। आग बुझाने के लिए रायपुर समेत नया रायपुर से भी अग्निशमन वाहन बुलाए गए। कुल लगभग 15 दमकल वाहनों को अभियान में लगाया गया।
अग्निशमन कर्मियों को भवन की संरचना के कारण भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। भवन के भीतर पहुंचने के लिए केवल संकरी सीढ़ी होने से राहत कार्य प्रभावित हुआ। स्थिति को देखते हुए जेसीबी मशीन की मदद से भवन के सामने का हिस्सा तोड़ा गया, जिससे दमकलकर्मी अंदर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास कर सकें। कुछ स्थानों पर बगल की दुकान की दीवार तोड़कर भी पहुंच बनाई गई।
शहर में जलापूर्ति प्रभावित होने के कारण आग बुझाने की चुनौती और बढ़ गई। अग्निशमन दल ने उपलब्ध संसाधनों के साथ-साथ तालाबों से पानी लाकर भी आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
मौदहापारा थाना प्रभारी शक्ति सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस एवं अग्निशमन विभाग की टीमों को मौके पर भेजा गया था और आग बुझाने का कार्य लगातार जारी है। वहीं नगर निगम के एमआईसी सदस्य अमर गिदवानी ने घटना में भारी आर्थिक क्षति की आशंका व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा आग पर नियंत्रण के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित