रायपुर , मार्च 11 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में घरेलू एलपीजी गैस की कथित कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच गैस डीलर्स एसोसिएशन ने बुधवार को स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि शहर में रसोई गैस वितरण पूरी तरह सामान्य है और सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।

एसोसिएशन का कहना है कि होली पर्व के कारण वितरण व्यवस्था में कुछ समय के लिए सिलेंडर वितरण में देरी हो रही थी लेकिन अब वितरण सुचारु रूप से जारी है।

डीलर्स एसोसिएशन ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराहट में अतिरिक्त बुकिंग करने से बचें। उनके अनुसार गैस एजेंसियों के पास पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और उपभोक्ताओं को नियमित रूप से सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

इधर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पहले ही प्रदेश में रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा था कि छत्तीसगढ़ में एलपीजी के साथ-साथ पेट्रोल और डीजल का भी पर्याप्त भंडार है। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।

मुख्यमंत्री ने बताया था कि राज्य सरकार ने सभी जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों को गैस एजेंसियों के स्टॉक की नियमित निगरानी करने और आपूर्ति व्यवस्था पर सतत नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि कहीं भी किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।

उन्होंने यह भी कहा था कि यदि कहीं कालाबाजारी या वितरण में अनियमितता की शिकायत सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अफवाहों से दूर रहें और जरूरत के अनुसार ही गैस सिलेंडर की बुकिंग करें।

श्री साय ने पुनः भरोसा दिलाया कि आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित