रायपुर , सितंबर 02 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र में व्हीआर एजुकेशन एकेडमी से लाखों रुपये की नगदी चोरी के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की चार लाख 97 हजार 500 रुपये की नगदी बरामद की गई है।
पुलिस से बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार कैलाश नगर, बीरगांव स्थित एकेडमी की संचालक प्रगति वर्मा ने 31 अगस्त को उरला थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि सोमवार देर रात अज्ञात व्यक्ति एकेडमी का ताला तोड़कर भीतर घुसा और आलमारी के लॉकर में रखी नगदी लेकर फरार हो गया।
मामले की जांच के लिए पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस उपायुक्त उत्तर जोन दीपमाला कश्यप के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आदित्य पाण्डेय, सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा और उरला थाना प्रभारी रोहित मालेकर के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच करने के साथ एकेडमी से जुड़े लोगों से पूछताछ की और मुखबिरों के माध्यम से आरोपियों की तलाश शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल में आरोपियों के वारदात के बाद ट्रेन से उज्जैन की ओर फरार होने की जानकारी सामने आई।
इसके बाद रायपुर पुलिस ने रेलवे पुलिस फोर्स (आरपीएफ) भिलाई और बैतूल, मध्यप्रदेश की टीम से समन्वय स्थापित किया। दोनों आरोपियों को बैतूल में हिरासत में लिया गया और रायपुर लाकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उनके कब्जे से चोरी की 4,97,500 रुपये की नगदी बरामद की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चित्रांश सेन (18) पुत्र कृष्णा सेन, निवासी धनीराम फील्ड, कंपनी यातायात के पास, थाना खमतराई, रायपुर और फिरोज साहू (19) पुत्र संतोष साहू, निवासी कैलाश नगर, शिव मंदिर के पास, बीरगांव, थाना उरला, रायपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने इस मामले में उरला थाने में अपराध क्रमांक 409/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 331(4), 305 और 3(5) में प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित