रायपुर , जुलाई 20 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में आग से झुलसने के सात दिन बाद रविवार को मौत हो गई।

मृतक के परिजनों ने सोमवार को आरोप लगाया है कि उसके दोस्तों ने विवाद के बाद उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जबकि पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मोहम्मद शाकिब (22) के रूप में हुई है। घटना 12 जुलाई की शाम सुयश अस्पताल के पीछे हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के समीप खाली मैदान में हुई थी। परिजनों का आरोप है कि रामसागर पारा निवासी सोनू (18), शाकिब का स्कूल का मित्र था, उसे शराब पार्टी का बहाना बनाकर अपने साथ ले गया था। वहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ और इसके बाद शाकिब तथा उसकी स्कूटी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। घटना में शाकिब गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि उसकी स्कूटी भी जलकर नष्ट हो गई। अस्पताल में सात दिन तक उपचार के बाद कल उसकी मृत्यु हो गई।

मृतक की बहन शहरबान ने बताया, "सोनू और मेरे भाई का बहुत पहले गाड़ी की बात पर झगड़ा हुआ था। दोनों की बातचीत भी बंद थी। सोनू बहुत गुस्से वाला लड़का है, वह अपना गुस्सा कंट्रोल नहीं कर सकता। मेरे भाई को भी वे लोग अपने साथ ले गए। बाद में हमें फोन कर बताया कि आपका भाई जल गया है।"स्थानीय लोगों ने दावा किया कि घटना के समय शाकिब स्कूटी पर बैठा हुआ था और उसी दौरान उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल पहुंचाया गया।

परिजनों का यह भी कहना है कि सोनू ब्लिंकिट में काम करता था और वह शाकिब पर भी वहां काम करने का दबाव बना रहा था, जबकि परिवार इसके पक्ष में नहीं था।

मृतक के चचेरे भाई मोहम्मद वाजिद अली ने आरोप लगाया कि घटना के बाद से परिवार लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटनास्थल का समुचित निरीक्षण नहीं किया गया तथा पुलिस की कार्रवाई धीमी रही।

शाकिब के परिजन और रिश्तेदार सरस्वती नगर थाने में एकत्र होकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

इस संबंध में डीसीपी रोबिनसन गुड़िया ने कहा, "दोस्त स्कूटी जलाने गए थे। इस दौरान युवक जल गया। इस मामले में जांच जारी है। जांच के बाद ही घटना के कारणों का पता चल सकेगा।"पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित