रायपुर , अप्रैल 07 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बढ़ती यातायात समस्या को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) के एक प्रतिनिधिमंडल ने कमिश्नर संजीव शुक्ला को ज्ञापन सौंपकर पूर्व में लागू किए गए यातायात सुधार उपायों को पुनः सख्ती से लागू करने की मांग की है।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कार्यकारी जिलाध्यक्ष सागर क्षीरसागर ने किया।
ज्ञापन में बताया गया कि राजधानी बनने के बाद रायपुर में कई सड़कों का चौड़ीकरण किया गया और यातायात सुधार के लिए विभिन्न प्रयास किए गए, लेकिन इसके बावजूद शहर की यातायात व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हो पाया।
श्री सागर क्षीरसागर ने कहा कि 27 फरवरी को जारी आदेश में शाम पांच बजे से रात्रि नौ बजे तक छोटे मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया था, एक प्रभावी और सराहनीय कदम था। इस निर्णय से कुछ समय के लिए शहरवासियों को जाम की समस्या से राहत मिली थी।
ज्ञापन में एमजी रोड, राठौर चौक, अग्रसेन चौक, भैंसथान, फाफाडीह, रेलवे स्टेशन मार्ग, चुना भट्टी, गुढ़ियारी, कर्मा चौक, रामनगर, नहरपारा, संजय गांधी चौक, गुरुद्वारा स्टेशन रोड और मालवीय रोड जैसे प्रमुख मार्गों पर शाम के समय भारी जाम की स्थिति का उल्लेख किया गया है। बताया गया कि शहर के भीतर संचालित ट्रांसपोर्ट कंपनियों के छोटे मालवाहक वाहन इन मार्गों पर यातायात को और बाधित करते हैं।
पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि ट्रांसपोर्ट नगर रावाभाटा का निर्माण इसी उद्देश्य से किया गया था कि भारी और मालवाहक वाहनों को शहर से बाहर संचालित किया जा सके, लेकिन इसका प्रभावी क्रियान्वयन नहीं हो पाया। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक दबाव के चलते पहले लागू किए गए प्रतिबंधों को शिथिल कर दिया गया, जिससे समस्या पुनः बढ़ गई।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की है कि पूर्व आदेश को फिर से कड़ाई से लागू किया जाए और यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।
कमिश्नर ने आश्वस्त किया कि व्यवस्था सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित