रायपुर , अप्रैल 09 -- छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के आरंग विधानसभा क्षेत्र में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुवार को मंदिर हसौद इलाके में दो चूना पत्थर खदानों को सील कर दिया तथा सात हाइवा वाहनों को जब्त किया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, सहायक खनिज अधिकारी उमेश भार्गव के नेतृत्व में विभागीय टीम ने निरीक्षण के दौरान खदान संचालकों के दस्तावेजों की जांच की, जिसमें आवश्यक कागजात अधूरे पाए गए। इसके चलते तत्काल प्रभाव से संबंधित खदानों को बंद कर सील कर दिया गया। कार्रवाई जिन खदानों पर की गई, उनमें सीजी एग्रो फार्म तथा एक अन्य निजी खदान शामिल है।
वहीं, क्षेत्र में अवैध खनिज परिवहन पर भी सख्ती बरतते हुए टीम ने सात हाइवा वाहनों को पकड़ा। इनमें एक वाहन रेत तथा छह वाहन गिट्टी से लदे हुए पाए गए। जांच में सभी वाहनों के पास वैध परिवहन दस्तावेज नहीं मिले, जिसके कारण उन्हें जब्त कर लिया गया है।
खनिज विभाग ने बताया कि बिना अनुमति खनिज परिवहन से शासन को राजस्व हानि हो रही थी। जब्त वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सहायक खनिज अधिकारी ने कहा कि अवैध खनन और परिवहन के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि विभाग द्वारा खदान संचालन को ऑनलाइन प्रणाली के माध्यम से पारदर्शी बनाने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित