रायपुर , जून 17 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से लगे मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में एक ठेकेदार के अकाउंटेंट से चाकू की नोक पर करीब 10 लाख रुपये की लूट का मामला सामने आया है। मोटरसाइकिल सवार बदमाश नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए।

पुलिस से बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार सागर डेहरिया एक ठेकेदार के यहां अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत है। मंगलवार रात वह सेरीखेड़ी से नया रायपुर की ओर लगभग 10 लाख रुपये नकद लेकर जा रहा था। इसी दौरान मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के एक सुनसान मार्ग पर मोटरसाइकिल सवार कुछ युवकों ने उसका पीछा कर रास्ता रोक लिया।

बताया गया है कि आरोपियों ने सागर डेहरिया को चाकू दिखाकर धमकाया और उसके कब्जे से नकदी से भरा बैग छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर मंदिर हसौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित