रायपुर , अप्रैल 12 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 14 अप्रैल को संविधान निर्माता भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा अंबेडकर चौक स्थित उनकी भव्य कांस्य प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा।
करीब 21 फीट ऊंची इस प्रतिमा का निर्माण सामाजिक जागरूकता एवं समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया है। प्रतिमा का वजन लगभग 4300 किलोग्राम है जबकि इसके निर्माण पर लगभग 35 लाख रुपये खर्च हुए हैं।
यह प्रतिमा न केवल बाबा साहेब के विचारों को सशक्त रूप से प्रस्तुत करेगी बल्कि समाज में समरसता एवं न्याय के मूल्यों को भी मजबूती प्रदान करेगी।
राजधानी क्षेत्र में ही नवा रायपुर अटल नगर स्थित विधानसभा परिसर में भी बाबा साहेब की 25 फीट से अधिक ऊंची एक और आकर्षक प्रतिमा स्थापित किए जाने की योजना पर काम किया जा रहा है जिससे आने वाले समय में यह क्षेत्र प्रेरणास्थल के रूप में विकसित हो सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित