बिलासपुर , अप्रैल 07 -- छत्तीसगढ़ के रायपुर बार एसोसिएशन के आगामी चुनाव को लेकर आरक्षण का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। बिलासपुर उच्च न्यायालय से मंगलवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 अप्रैल को होने वाले इस चुनाव में पुरुषों को 50 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने के फैसले के खिलाफ उच्च न्यायालय में दायर याचिका पर सुनवाई के दौरान अदालत ने कड़ी नाराजगी जाहिर की है।
सुनवाई के दौरान न्यायाधीश नरेश कुमार चंद्रवंशी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि पुरुषों को दिए गए 50 प्रतिशत आरक्षण को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए। अदालत ने यह भी चेतावनी दी कि अगर निर्देश का पालन नहीं किया गया तो अगली ही सुनवाई में इस पर रोक लगा दी जाएगी।
दरअसल, रायपुर बार एसोसिएशन के चुनाव के लिए नियुक्त निर्वाचन अधिकारी द्वारा पुरुषों के लिए 50 प्रतिशत सीटें आरक्षित कर दी गई थीं, जिसके बाद इस निर्णय को लेकर विवाद खड़ा हो गया। इस फैसले को चुनौती देते हुए न्यायालय में याचिका दायर की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित