रायपुर , मार्च 11 -- छत्तीसगढ़ में पत्रकार हित में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए रायपुर प्रेस क्लब ने पत्रकारों पर होने वाली यातायात चालान से जुड़ी असंगत या अन्यायपूर्ण कार्रवाई के मामलों में कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रेस क्लब लीगल सेल का गठन किया है।

रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित कार्यक्रम में शहर के वरिष्ठ अधिवक्ता नाथू राम मानिकपुरी, भगवानू नायक और राम प्रसाद जायसवाल को लीगल सेल की जिम्मेदारी सौंपी गई। प्रेस क्लब की ओर से उन्हें औपचारिक पत्र प्रदान कर दायित्व से अवगत कराया गया।

अब पत्रकारों के यातायात चालान से जुड़े मामलों का निराकरण लोक अदालत सहित अन्य वैधानिक प्रक्रियाओं के माध्यम से अधिवक्ता नाथू राम मानिकपुरी, भगवानू नायक और उनकी टीम द्वारा किया जाएगा। इसके अलावा प्रेस क्लब के सदस्यों से जुड़े आपराधिक मामलों में भी यह टीम कानूनी सलाह उपलब्ध कराएगी। इस संबंध में सदस्य प्रेस क्लब के माध्यम से संपर्क कर सकेंगे।

प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी ने बुधवार को कहा कि प्रेस क्लब की कोशिश है कि यदि पत्रकारों पर यातायात चालान के मामलों में कहीं असंगत या अन्यायपूर्ण कार्रवाई हुई है, तो उसे वैधानिक प्रक्रिया के तहत सुलझाते हुए पत्रकारों पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को कम किया जाए। उन्होंने बताया कि यह लीगल सेल वर्ष 2025 के बाद से हुए यातायात चालानों से जुड़े मामलों में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर सहयोग प्रदान करेगी।

प्रेस क्लब ने अपने सदस्यों से अनुरोध किया है कि जिन पत्रकारों के यातायात चालान हुए हैं, वे इसकी जानकारी प्रेस क्लब कार्यालय में दें और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं, ताकि लीगल सेल के माध्यम से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा सके।

साथ ही प्रेस क्लब ने सभी पत्रकारों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं। रायपुर प्रेस क्लब द्वारा लीगल सेल के गठन कर सदस्यों को विधिक सहायता उपलब्ध कराने की इस पहल का महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू, भूपेश जांगड़े, वरिष्ठ पत्रकार संदीप पौराणिक, प्रदीप शर्मा, पंकज शर्मा, गौरव सिंह, खोमन साहू सहित कई पत्रकारों ने स्वागत किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित