रायपुर , जुलाई 09 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित रायपुर प्रेस क्लब के जीर्णोद्धार और आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू हो गई है। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा स्वीकृत एक करोड़ रुपये की लागत से प्रेस क्लब भवन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा। प्रस्तावित कार्यों के तहत भवन का नवीनीकरण शीघ्र प्रारंभ होने की संभावना है।
इसी क्रम में गुरुवार को जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल तथा रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने प्रेस क्लब भवन का निरीक्षण कर प्रस्तावित निर्माण एवं विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान भवन की वर्तमान स्थिति और भविष्य की आवश्यकताओं का आकलन करते हुए निर्माण, इंटीरियर, साज-सज्जा तथा आधारभूत सुविधाओं के विकास की रूपरेखा पर चर्चा की गई।
निरीक्षण के दौरान जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल ने वरिष्ठ पत्रकारों और प्रेस क्लब पदाधिकारियों से संवाद कर उनके सुझाव भी लिए, ताकि प्रेस क्लब को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित किया जा सके।
प्रस्तावित योजना के अनुसार प्रेस क्लब परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए दो अत्याधुनिक सभागार, गेमिंग जोन, ड्रॉइंग/लाउंज हॉल, सुविधायुक्त शौचालय, आधुनिक इंटीरियर, बेहतर बैठक व्यवस्था, जीम हाल, लाइव डिस्कशन स्टूडियो तथा आकर्षक आउटर लैंडस्केपिंग विकसित की जाएगी। इस परियोजना का उद्देश्य राजधानी के पत्रकारों को आधुनिक, सुविधासंपन्न और गरिमामय कार्यस्थल उपलब्ध कराना है।
निरीक्षण के दौरान जनसंपर्क विभाग एवं रायपुर प्रेस क्लब के साथ समन्वय स्थापित करते हुए नगर निगम को आवश्यक कार्रवाई शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर जल्द शुरू कराने का आश्वासन दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित