रायपुर , अक्टूबर 20 -- विजयादशमी के अवसर पर आज छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित पुलिस लाइन में पारंपरिक शस्त्र पूजन का आयोजन किया गया। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला की मौजूदगी में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने अस्त्र-शस्त्रों के साथ विभागीय वाहनों की पूजा-अर्चना की। पूजन के बाद परंपरा के अनुसार हवाई फायरिंग भी की गई।

कार्यक्रम में पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और जवान शामिल हुए। विजयादशमी पर शस्त्र पूजन पुलिस विभाग की पारंपरिक गतिविधियों का हिस्सा है। इस आयोजन के माध्यम से पुलिसकर्मी अपने हथियारों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के अपने दायित्व के प्रति प्रतिबद्धता दोहराते हैं।

शस्त्र पूजन को शक्ति, साहस और विजय का प्रतीक माना जाता है। पुलिस विभाग के संदर्भ में यह परंपरा कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सुरक्षा सुनिश्चित करने और जनसेवा के प्रति कर्तव्यबोध को भी रेखांकित करती है। इस अवसर पर पुलिस वाहनों की भी विधिवत पूजा की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित