रायपुर , मार्च 31 -- छत्तीसगढ़ में रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने सूखा नशा और सिंथेटिक ड्रग्स के अंतर्राज्यीय नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 48.03 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स, पार्टी पिल्स, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल और अन्य सामग्री जब्त की गई है, जिसकी कुल कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने आज खुलासा करते हुए बताया कि, इस पूरे सिंडिकेट का संचालन दिल्ली से किया जा रहा था। मामले में मास्टरमाइंड के रूप में महेश खड़का और कुसुम हिन्दुजा की पहचान हुई है, जो पहले भी वर्ष 2024 में ड्रग्स के मामले में जेल जा चुके हैं।

पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एएनटीएफ और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी 'डेड ड्रॉप सिस्टम' का इस्तेमाल कर रहे थे। इसके तहत ड्रग्स को सुनसान स्थानों पर रखकर ग्राहकों को वीडियो और लोकेशन के जरिए जानकारी दी जाती थी। डिलीवरी के लिए रैपिडो बाइक राइडरों का इस्तेमाल किया जा रहा था, जबकि सप्लाई दिल्ली से कोरियर के माध्यम से रायपुर भेजी जाती थी।

29 मार्च को मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने तेलीबांधा क्षेत्र में तीन रैपिडो राइडरों-सौरभ डोंगरे, शुभम राठौर और सौरभ यादव को एमडीएमए के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में इनके द्वारा कुणाल मंगतानी का नाम सामने आया, जो कोरियर से ड्रग्स प्राप्त करता था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित