रायपुर , अक्टूबर 05 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में स्थानीय लोगों ने अपनी चार मांगों को लेकर सोमवार को नगर निगम कार्यालय में करीब पांच घंटे तक अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया। गले में आवेदनों की माला पहनकर पहुंचे प्रदर्शनकारी निगम आयुक्त से मुलाकात की मांग पर अड़े रहे लेकिन मुलाकात नहीं होने के कारण उन्हें बिना किसी आश्वासन के लौटना पड़ा।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि क्षेत्र की समस्याओं के निराकरण के लिए वे लंबे समय से नगर निगम अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को आवेदन देते आ रहे हैं। कुछ मांगों को लेकर 20 से 25 बार तक आवेदन दिए जा चुके हैं, इसके बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। लगातार आवेदन के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने विरोध-प्रदर्शन का रास्ता अपनाया।
प्रदर्शनकारी वृंदावन नगर-कुशालपुर मुख्य मार्ग पर स्पीड ब्रेकर दोबारा बनवाने, वार्ड-66 की खराब सड़कें ठीक कराने, निगम कर्मचारी महेश वाघ को निलंबित करने और पंकज गार्डन के सौंदर्यीकरण में गड़बड़ी की जांच की मांग कर रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने इससे पहले दिए आवेदन में चेतावनी दी थी कि 25 अगस्त 2026 तक मांगें पूरी नहीं होने की स्थिति में जोन-5 कार्यालय के बाहर अनशन किया जाएगा। मांगों पर कार्रवाई नहीं होने के बाद सोमवार को स्थानीय लोग नगर निगम कार्यालय पहुंचे और अर्धनग्न होकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने कहा कि वे निगम आयुक्त से मुलाकात चाहते हैं और जब तक आयुक्त उनसे नहीं मिलते, प्रदर्शन जारी रहेगा। करीब पांच घंटे तक चले विरोध के बावजूद निगम आयुक्त से उनकी मुलाकात नहीं हो सकी। प्रदर्शनकारियों के अनुसार उन्हें न तो मांगों के समाधान को लेकर कोई आश्वासन मिला और न ही उनकी सुनवाई हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित