लखनऊ , मार्च 16 -- केन्द्रीय जेल रायपुर, छत्तीसगढ़ से फरार आरोप सिद्ध बंदी चंद्रवीर उर्फ पिंटू को सोमवार को उत्तर प्रदेश एसटीएफ और छत्तीसगढ़ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आगरा से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को सोमवार दोपहर में थाना कोतवाली क्षेत्र के पीपल गेट के पास से दबोचा गया है।

पुलिस के अनुसार चंद्रवीर उर्फ पिंटू पुत्र दीवान सिंह, निवासी पट्टी चुहरा थाना गोरई, जिला अलीगढ़ का रहने वाला है। वह 21 अगस्त 2025 को केन्द्रीय कारागार रायपुर से फरार हो गया था। इस मामले में थाना गंज, जिला रायपुर में मुकदमा संख्या 220/2025 धारा 262 बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी पर छत्तीसगढ़ पुलिस ने 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

एसटीएफ आगरा की टीम को सूचना मिली कि फरार बंदी आगरा के पीपल गेट इलाके में मौजूद है। इसके बाद एसटीएफ और छत्तीसगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वर्ष 2021 में नारकोटिक सेल गरियाबंद (छत्तीसगढ़) ने उसे तीन साथियों के साथ एनडीपीएस एक्ट में गिरफ्तार किया था। विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस कोर्ट रायपुर ने उसे 15 साल की सजा सुनाई थी।

आरोपी ने बताया कि रायपुर जेल के पुराने मुख्यालय में मरम्मत कार्य के दौरान अन्य बंदियों के साथ बाहर काम करते समय वह मौका पाकर फरार हो गया था। फरारी के दौरान वह मथुरा के गोवर्धन क्षेत्र में एक दोस्त के साथ आरओ का काम कर रहा था और पहचान छिपाने के लिए दोस्त का आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस इस्तेमाल कर रहा था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित