रायपुर , मार्च 18 -- छत्तीसगढ़ की रायपुर सेंट्रल जेल से फरार मादक औषधि और मनोरोगी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) मामले के दोषी बंदी को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के आगरा से गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ पुलिस और उत्तर प्रदेश विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की संयुक्त टीम द्वारा की गई, जिसमें आरोपी को घेराबंदी कर दबोचा गया।

पुलिस से बुधवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपी चंद्रवीर सिंह उर्फ पिंटू एनडीपीएस एक्ट के तहत दोषसिद्ध था और उसे न्यायालय द्वारा 15 वर्ष के कठोर कारावास के साथ आर्थिक दंड की सजा सुनाई गई थी। जुर्माना अदा न करने की स्थिति में अतिरिक्त कारावास का भी प्रावधान था।

बताया जा रहा है कि आरोपी को जेल से बाहरी कार्य के लिए भेजा गया था, इसी दौरान वह जून 2025 में फरार हो गया। इसके बाद से ही वह लगातार पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था। फरारी के चलते उस पर पांच हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।

आरोपी की तलाश में रायपुर की एसीसीयू और गंज थाना पुलिस लगातार जुटी हुई थी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर उसकी लोकेशन उत्तर प्रदेश के आगरा में थी। इसके बाद छत्तीसगढ़ पुलिस ने यूपी एसटीएफ के साथ मिलकर संयुक्त ऑपरेशन चलाया और कोतवाली थाना क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अब आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर लाने की तैयारी कर रही है, जहां आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित