रायपुर , मार्च 13 -- ) छत्तीसगढ़ में रायपुर के तेलीबांधा क्षेत्र स्थित होटल में ठहरी दो विदेशी महिलाओं के खिलाफ पुलिस ने लंबी जांच के बाद शुक्रवार को मामला दर्ज कर लिया।
दोनों महिलाओं के पास भारत में रहने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है। पुलिस ने बताया कि नौ जनवरी को तेलीबांधा पुलिस को सूचना मिली थी कि इलाके के एक होटल में दो विदेशी महिलाएं ठहरी हुई हैं और उनकी गतिविधियां संदिग्ध बताई जा रही हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने होटल में पहुंचकर दोनों महिलाओं को हिरासत में लिया था।
पूछताछ के दौरान महिलाएं पासपोर्ट, वीजा या अन्य वैध यात्रा दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकीं। इसके बाद उन्हें रायपुर सेंट्रल जेल परिसर में स्थित नज़रबंदी केंद्र में रखा गया और मामले की विस्तृत जांच शुरू की गई।
करीब तीन महीने तक चली जांच और कई बार अवसर देने के बावजूद दोनों महिलाओं ने अपनी पहचान या भारत में रहने से संबंधित कोई ठोस जानकारी उपलब्ध नहीं कराई। इस स्थिति को देखते हुए पुलिस ने 13 मार्च को उनके खिलाफ आव्रजन और विदेशी विषयक अधिनियम 2025 की धारा 3, 21 और 23 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अब इस मामले में संबंधित दूतावास से संपर्क किया गया है। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद दोनों महिलाओं को उनके देश वापस भेजने की प्रक्रिया की जाएगी।
तेलीबांधा थाना प्रभारी अविनाश सिंह ने बताया कि महिलाओं को जनवरी में हिरासत में लेकर नज़रबंदी केंद्र भेजा गया था और लगातार पूछताछ के बावजूद उन्होंने अपने बारे में कोई जानकारी नहीं दी। अब कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ दूतावास की मदद से उन्हें डिपोर्ट करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित