रायपुर , अप्रैल 30 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सड्डू क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक मल्टीलेयर प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग ने देखते ही देखते फैक्ट्री परिसर के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे आसपास अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पांच से अधिक दमकल वाहन आग पर काबू पाने में जुटे हैं तथा अतिरिक्त संसाधनों को भी बुलाया जा रहा है। पुलिस और फायर ब्रिगेड के अधिकारी संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य में लगे हुए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग अत्यंत तीव्र गति से फैली, जिससे प्लास्टिक सामग्री से भरे गोदाम को भारी नुकसान पहुंचा है। आग की लपटों और धुएं के कारण स्थिति को नियंत्रित करना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
घटना के दौरान कवरेज के लिए पहुंचे कुछ पत्रकारों को फैक्ट्री परिसर में प्रवेश से रोके जाने और उनके साथ दुर्व्यवहार की शिकायत भी सामने आई है, जिससे मीडिया कर्मियों में नाराजगी देखी जा रही है।
यह घटना विधानसभा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आती है। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर हालात पर नजर रखे हुए हैं। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है और नुकसान का आकलन आग पर पूरी तरह नियंत्रण के बाद ही किया जा सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित