रायपुर , सितंबर 23 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में गणेश विसर्जन झांकी के परंपरागत मार्ग को बदलने की मांग उठी है। सदर रोड सर्राफा संघ और स्थानीय लोगों ने सदर बाजार की संकरी सड़क, यातायात जाम तथा बुजुर्गों और बच्चों को होने वाली परेशानी का हवाला देते हुए इस बार झांकी को सदर रोड से नहीं ले जाने का आग्रह प्रशासन से किया है। इसके साथ ही सिटी कोतवाली चौक से कंकाली अस्पताल तक डीजे, धुमाल और तेज आवाज वाले ध्वनि यंत्रों पर रोक लगाने की मांग की गई है।

सदर रोड सर्राफा संघ ने इस संबंध में पुलिस को ज्ञापन सौंपा है। संघ की मांग है कि सिटी कोतवाली चौक से कंकाली अस्पताल तक भारी आवाज वाली सभी यंत्र बंद रखे जाए। इलाके में तेज साउंड, डीजे और धुमाल के विरोध में पोस्टर भी लगाए गए हैं।

सराफा व्यापारी संघ के पूर्व अध्यक्ष हरेक मालु ने कहा, "इस बार सदर रोड से झांकी ना जाए. बढ़ती जनसंख्या के साथ सदर का रास्ता बहुत सकरा है. जाम की स्थिति होती है. मकान गिरने की घटना सामने आ चुकी है. बहुत सारे सीनियर सिटीजन बुजुर्गों और बच्चों को परेशानी होती है."उन्होंने कहा, "इस बार झांकी सदर से ना लेजाकर सीधे बूढ़ा तालाब, मालवीय रोड से होते हुए डायवर्ट कर देना चाहिए. जहां तक पंडाल लगाकर स्वागत करने का प्रश्न उठता है, वह पंडाल यहां लगाने के बजाय उस रोड पर भी लगाया जा सकता है."श्री मालु ने कहा, "हमने इस संबंध में कलेक्टर और कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा है. स्थानीय थाना प्रभारी से भी अनुरोध किया है. की ऐसी व्यवस्था बनाई जाए. जिससे किसी को भी परेशानी न हो."व्यापारियों ने तेज साउंड, डीजे और धुमाल पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की भी मांग की है। इस मांग को लेकर सदर बाजार क्षेत्र के व्यापारियों और स्थानीय लोगों का विरोध सामने आया है। सड़क पर तेज ध्वनि पर प्रतिबंध की मांग वाले पोस्टर भी चस्पा किए गए हैं।

फिलहाल प्रशासन की ओर से गणेश विसर्जन झांकी के मार्ग में बदलाव को लेकर कोई अंतिम निर्णय सामने नहीं आया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित