रायपुर , मार्च 02 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और लगातार लगने वाले जाम से आमजन, खासकर रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को राहत देने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने नया ट्रैफिक प्रबंधन लागू किया है। रायपुर आयुक्तालय क्षेत्र में मालवाहक वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए समयबद्ध प्रतिबंध लागू किया गया है।
प्रशासन के नए आदेश के तहत भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर सुबह पांच बजे से रात 12 बजे तक रोक रहेगी। वहीं हल्के मालवाहक वाहनों का संचालन शाम पांच बजे से रात नौ बजे तक प्रतिबंधित रहेगा। यह व्यवस्था विशेष रूप से रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर प्रभावी रहेगी, ताकि स्टेशन क्षेत्र में यातायात सुचारू बनाया जा सके।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शहर के तेलघानी नाका चौक, गंज मंडी और भैंसथान जैसे व्यस्त इलाकों में बड़ी संख्या में संचालित गोदामों से दिनभर माल चढ़ाने और उतारने (लोडिंग-अनलोडिंग) के कारण जाम की स्थिति बनती है। अनुमान है कि इन क्षेत्रों में 300 से अधिक गोदाम संचालित हैं, जिनसे निकलने वाले हल्के मालवाहक वाहन ट्रैफिक दबाव बढ़ाते हैं।
स्टेशन क्षेत्र के आसपास संचालित परचून गोदामों को शहर के बाहरी हिस्सों में स्थानांतरित किए जाने की आवश्यकता भी महसूस की जा रही है। तब तक यातायात को नियंत्रित रखने के लिए यह अंतरिम व्यवस्था लागू की गई है।
पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर यह निर्णय लिया गया है, जिससे यात्रियों को स्टेशन तक निर्बाध पहुंच सुनिश्चित की जा सके। पुलिस आयुक्त के निर्देश के अनुसार शहर के अग्रसेन चौक से भैंसथान मार्ग होते हुए तेलघानी नाका चौक, राठौर चौक से तेलघानी नाका चौक, फाफाडीह चौक - स्टेशन चौक - तेलघानी नाका चौक मार्ग, चूना भट्टी से गुढ़ियारी अंडरब्रिज, नर्मदा पारा होते हुए स्टेशन निकास गेट तक, कर्मा चौक रामनगर से रामनगर ब्रिज एवं अंडरब्रिज होते हुए तेलघानी नाका चौक और नहरपारा संजय गांधी चौक से स्टेशन गुरुद्वारा मार्गों पर प्रतिबंध लागू रहेगा।
पुलिस प्रशासन का दावा है कि इस नए ट्रैफिक प्लान से स्टेशन क्षेत्र में जाम की समस्या में उल्लेखनीय कमी आएगी और आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित