रायपुर , अप्रैल 21 -- ) छत्तीसगढ़ में रायपुर के रायपुरा चौक स्थित एक बार में सोमवार देर रात युवक ने अंदर घुसकर किराना व्यापारी पर बीयर की बोतल से हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस ने मंगलवार को बताया कि जामगांव निवासी किराना व्यापारी संदीप अग्रवाल 18 अप्रैल की रात अपने परिचित अनिवेश प्रताप सिंह के साथ मधुशाला बार पहुंचे थे। रात लगभग 11:30 बजे दोनों बार के बाहर खड़े थे, तभी चंगोराभाठा निवासी हर्ष शुक्ला तेज रफ्तार कार से वहां पहुंचा और अचानक वाहन रोक दिया। इससे घबराकर दोनों अंदर चले गए।
बताया गया है कि हर्ष शुक्ला भी उनके पीछे बार में दाखिल हो गया और विवाद करते हुए गाली-गलौज करने लगा। इसी दौरान उसने फ्रिज से बीयर की बोतल उठाई और संदीप अग्रवाल के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के दौरान अनिवेश प्रताप सिंह ने बीच-बचाव किया, जिससे मामला और नहीं बढ़ा। हालांकि आरोपी मौके से भागने में सफल रहा। घायल को तत्काल अस्पताल ले जाया गया।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित