रायपुर , अप्रैल 16 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के फाफाडीह स्थित टिंबर मार्केट क्षेत्र में बुधवार देर रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग एक लकड़ी एवं प्लाईवुड के गोदाम से शुरू हुई और देखते ही देखते आसपास के हिस्सों में फैल गई, जिससे पूरा इलाका धुएं और लपटों की चपेट में आ गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। प्रारंभिक स्तर पर भेजी गई फायर ब्रिगेड की गाड़ियों की संख्या आग की तीव्रता को देखते हुए लगातार बढ़ाई गई और 12 से अधिक दमकल वाहन राहत एवं नियंत्रण कार्य में जुटे रहे। आग पर काबू पाने के प्रयास रातभर से जारी है।
पानी की कमी को देखते हुए आसपास के स्रोतों से अतिरिक्त पानी की व्यवस्था की गई, वहीं बड़े संस्थानों से भी सहयोग लिया जा रहा है ताकि आग पर जल्द नियंत्रण पाया जा सके।
इस अग्निकांड में गोदाम में रखा प्लाईवुड सहित बड़ी मात्रा में लकड़ी का सामान जलकर नष्ट हो गया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। आग की घटना से टिंबर मार्केट के अन्य व्यापारियों में भी दहशत का माहौल बना रहा।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मामला देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित