रायपुर , नवंबर 02 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने की दिशा में अमलीडीह चौक से द्रोणाचार्य स्कूल तक ओवरब्रिज निर्माण को शासन ने मंजूरी प्रदान कर दी है। करीब 49.52 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित इस परियोजना के पूरा होने पर केनाल लिंकिंग रोड पर यातायात का दबाव कम होने के साथ आसपास के छह वार्डों की एक लाख से अधिक आबादी को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
सोमवार को मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, प्रस्तावित ओवरब्रिज की लंबाई 1.04 किलोमीटर और चौड़ाई 8.50 मीटर निर्धारित की गई है। दो लेन वाले इस ओवरब्रिज के निर्माण से मुख्य मार्ग पर गुजरने वाले वाहनों को ऊपरी हिस्से से आवागमन की सुविधा मिलेगी, जबकि नीचे की सड़क का उपयोग स्थानीय कॉलोनियों के वाहन कर सकेंगे। इससे अमलीडीह, न्यू राजेंद्र नगर सहित आसपास के छह वार्डों के एक लाख से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलने का अनुमान है।
वर्तमान में केनाल लिंकिंग रोड पर मुख्य मार्ग के वाहनों और आसपास की आवासीय कॉलोनियों से निकलने वाले यातायात का दबाव एक ही सड़क पर रहता है। विशेष रूप से सुबह और शाम के समय द्रोणाचार्य स्कूल की बसों तथा विद्यार्थियों को लाने-ले जाने वाले अभिभावकों के वाहनों के कारण यातायात प्रभावित होता है। इसके कारण अमलीडीह चौक और आसपास के मार्गों पर अक्सर जाम की स्थिति निर्मित होती है।
अधिकारियों के मुताबिक, ओवरब्रिज बनने के बाद मुख्य सड़क का यातायात ऊपर से संचालित होने के कारण अमलीडीह चौक पर वाहनों का दबाव घटेगा। साथ ही वाहन चालकों को बार-बार ट्रैफिक सिग्नल पर रुकने की समस्या से राहत मिलने की संभावना है। नीचे की सड़क स्थानीय आवागमन के लिए उपलब्ध रहने से कॉलोनियों में आने-जाने वाले लोगों को भी सुविधा होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित