रायपुर , अक्टूबर 22 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के कारोबारी दीपक मित्तल का शव चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित ताज होटल में मिलने से हड़कंप मच गया।
21 अक्टूबर को होटल के कमरे में बेसुध अवस्था में मिलने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मामले में चंडीगढ़ पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से आज प्राप्त जानकारी के अनुसार दीपक मित्तल करीब दो दिन पहले होटल में ठहरे थे। बुधवार को होटल का वेटर उनके कमरे में पहुंचा, तो वे बेसुध अवस्था में मिले। इसके बाद तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सेक्टर-16 स्थित सरकारी मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल के शवगृह में रखवाया है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के दौरान होटल के कमरे से शराब और कुछ दवाइयां मिलने की जानकारी सामने आई है। आशंका जताई जा रही है कि अत्यधिक शराब के सेवन अथवा दवाइयों की अधिक मात्रा लेने से उनकी मौत हुई हो सकती है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी स्पष्ट चोट या बाहरी हस्तक्षेप के संकेत नहीं मिलने की बात भी सामने आई है।
दीपक मित्तल की पहचान पंजाब सरकार की राशन किट आपूर्ति से जुड़े बड़े ठेकेदार के रूप में बताई जा रही है। उनकी चावल मिलें भी हैं। बताया गया है कि चंडीगढ़ में मार्कफेड की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होने वाली थी, जिसमें शामिल होने के लिए वे वहां पहुंचे थे।
घटना की सूचना मिलने के बाद सेक्टर-17 थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने होटल के कमरे का निरीक्षण कर जांच शुरू की। कारोबारी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
कुछ शुरुआती खबरों में एक युवती के कारोबारी के कमरे में आने की बात कही गई थी। हालांकि, पुलिस ने किसी युवती को हिरासत में लेने और मामले में उसकी भूमिका होने की बात से इनकार किया है। फिलहाल, मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है और जांच के निष्कर्ष तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित