रायपुर , अप्रैल 20 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के वीआईपी रोड स्थित करेंसी टावर में सोमवार सुबह एक प्रशासनिक अधिकारी के लिफ्ट में फंसने की घटना ने परिसर की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए। छत्तीसगढ़ शासन की अतिरिक्त मुख्य सचिव (एसीएस) ऋचा शर्मा करीब 10 मिनट तक लिफ्ट के भीतर फंसी रहीं।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार घटना सुबह लगभग 6:30 बजे की है, जब तकनीकी खराबी के चलते लिफ्ट अचानक रुक गई। लिफ्ट के भीतर पर्याप्त रोशनी और वेंटिलेशन की कमी के कारण अधिकारी को असहजता महसूस हुई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि लिफ्ट में आपातकालीन अलार्म और त्वरित संपर्क सुविधा उपलब्ध नहीं होने से राहत कार्य में विलंब हुआ।

बताया जाता है कि अधिकारी ने मोबाइल फोन के माध्यम से प्रशासनिक अधिकारियों को घटना की सूचना दी, जिसके बाद संबंधित विभाग सक्रिय हुआ। सूचना मिलने पर तेलीबांधा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और तकनीकी टीम की मदद से लिफ्ट को खोलकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया।

घटना के बाद अधिकारी ने भवन की विद्युत व्यवस्था, पावर बैकअप और सोलर सिस्टम की स्थिति को लेकर संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली और व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित