रायपुर , अक्टूबर 20 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती स्थित ऐतिहासिक कंकाली मठ के कपाट विजयादशमी के अवसर पर साल में एक बार खोले जाने वाली परंपरा के अनुसार, मंगलवार सुबह छह बजे से ही खोल दिए गए ।
इस दौरान श्रद्धालु मठ पहुंचकर प्राचीन धार्मिक वस्तुओं के दर्शन कर रहे हैं। मठ में नागा साधुओं से जुड़ी करीब 1000 साल पुरानी धरोहरें रखी हैं, जिनमें कमंडल, कपड़े, चिमटा, त्रिशूल, ढाल और कुल्हाड़ी सहित अन्य वस्तुएं शामिल हैं।
विजयादशमी पर इनकी विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। श्रद्धालु रात 12 बजे तक इन प्राचीन वस्तुओं के दर्शन कर सकेंगे, जिसके बाद मठ के कपाट एक साल के लिए फिर बंद कर दिए जाएंगे।
कंकाली मठ की देखरेख महंत कृपाल गिरी महाराज की 12वीं पीढ़ी कर रही है। मठ से जुड़े लोगों के मुताबिक, एक बार माता कंकाली ने स्वप्न में महंत कृपाल गिरी महाराज को तालाब के किनारे मंदिर बनवाकर अपनी प्रतिमा स्थापित करने का निर्देश दिया था। इसके बाद माता की प्रतिमा को मठ से मंदिर में स्थापित किया गया।
बताया जाता है कि प्रतिमा की स्थापना के बाद महंत कृपाल गिरी महाराज दुखी रहने लगे। तब माता ने उन्हें दर्शन देकर कहा कि वे विजयादशमी के दिन अपने पुराने घर यानी मठ में विराजमान होंगी। इसी मान्यता के चलते हर साल दशहरे पर मठ के कपाट खोले जाते हैं और विशेष पूजा की जाती है। धार्मिक मान्यता है कि विजयादशमी के दिन माता कंकाली अपने अस्त्र-शस्त्रों के साथ मठ में विराजमान होती हैं।
पुरानी बस्ती निवासी दीपक शर्मा के अनुसार कंकाली मठ का निर्माण श्मशान घाट पर हुआ था। इसे नागा साधुओं की तांत्रिक साधना के प्रमुख केंद्र के रूप में जाना जाता है। मठ के आसपास नागा साधुओं की समाधियां भी स्थित हैं। क्षेत्र में कई अन्य मंदिर भी हैं। मठ में संरक्षित प्राचीन वस्तुओं को नागा साधुओं की साधना और परंपराओं से जुड़ा माना जाता है। विजयादशमी के दिन इन धरोहरों के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की विशेष भीड़ पहुंचती है।
कंकाली मठ के साथ ही कंकाली तालाब और मंदिर का भी विशेष धार्मिक महत्व है। बताया जाता है कि यह तालाब करीब 650 साल पुराना है और पहले इसे कंकाली कुंड के नाम से जाना जाता था। महंत कृपाल गिरी महाराज ने मंदिर और तालाब का निर्माण कराया था। मान्यता है कि माता के भक्त अपनी मनोकामनाएं लेकर यहां पहुंचते हैं और पूजा-अर्चना करते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित