रायपुर , सितम्बर 22 -- छत्तीसगढ़ के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा रायपुर जिले में संचालित गैर-आवासीय खेल अकादमियों में प्रवेश और प्रवेश नवीनीकरण के लिए 23 और 24 सितम्बर को चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। इनमें तीरंदाजी, फुटबॉल, हॉकी और एथलेटिक्स के खिलाड़ी भाग ले सकेंगे।

विभागीय अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि गैर-आवासीय बालक-बालिका तीरंदाजी और बालिका फुटबॉल के लिए चयन ट्रायल 23 सितम्बर को स्वामी विवेकानंद स्टेडियम कोटा और तीरंदाजी एरिना में आयोजित होंगे। इच्छुक खिलाड़ी सुबह सात बजे से 11 बजे तक पंजीयन करा सकेंगे।

गैर-आवासीय बालक-बालिका हॉकी और एथलेटिक्स के लिए चयन ट्रायल 24 सितम्बर को स्वामी विवेकानंद स्टेडियम कोटा और सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम के पिच-02 में सुबह सात बजे से आयोजित किए जाएंगे।

चयन ट्रायल में राज्य के बालक-बालिका खिलाड़ियों के साथ अन्य राज्यों के 13 से 17 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी भी शामिल हो सकेंगे। खिलाड़ियों को आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र अथवा जन्मतिथि अंकित प्रमाणित अंकसूची प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

फुटबॉल और तीरंदाजी खिलाड़ियों का 23 सितम्बर तथा हॉकी और एथलेटिक्स खिलाड़ियों का 24 सितम्बर को पंजीयन एवं दस्तावेज परीक्षण के साथ चिकित्सकीय परीक्षण, शारीरिक दक्षता और खेल कौशल परीक्षण किया जाएगा।

अधिकारियों के अनुसार चयन समिति खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर चयन करेगी। खेल अकादमी संचालन नियम-2014 के तहत अंतिम रूप से चयनित खिलाड़ियों को शासन की ओर से निःशुल्क प्रशिक्षण, खेल परिधान, प्लेइंग किट, बीमा और छात्रवृत्ति सहित निर्धारित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित