रायपुर , अगस्त 22 -- छत्तीसगढ़ में रायपुर एयरपोर्ट की 10 किलोमीटर की परिधि में 41 वेस्ट डंप साइट चिन्हांकित की गई हैं। इन स्थलों की सफाई, कचरा प्रबंधन और भविष्य में दोबारा कचरा डंप किए जाने से रोकने के लिए स्थलवार कार्ययोजना तैयार की जा रही है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार विमानन एवं पर्यावरण प्रबंधन समिति की 13 अगस्त को हुई बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में एयरपोर्ट के आसपास वेस्ट डंप साइटों के चिन्हांकन और उनके समुचित प्रबंधन की कार्रवाई शुरू की गई है। सभी 41 स्थलों की सूची जियो-टैग लोकेशन, अक्षांश और देशांतर के साथ तैयार की गई है, जिससे इनकी सटीक पहचान और नियमित निगरानी की जा सकेगी।

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिश्वरंजन के निर्देश पर जिला स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), रायपुर की जिला एवं विकासखंड स्तरीय टीम ने चिन्हांकित स्थलों का निरीक्षण और सर्वेक्षण शुरू किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित