रायपुर , फरवरी 12 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के अदालत परिसर में आज उस समय अफरा-तफरी मच गई जब पेशी के दौरान दो विचाराधीन बंदी पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गए।
दोनों आरोपी हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर मामलों में न्यायालय में पेश किए गए थे।
घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार राजेश मारकण्डेय और तुलाराम मारकण्डेय को पेशी के लिए न्यायालय लाया गया था। इसी दौरान वे मौके का फायदा उठाकर अभिरक्षा से निकल भागे। घटना के बाद न्यायालय परिसर में हड़कंप की स्थिति बन गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए सिविल लाइन थाना पुलिस ने दोनों फरार आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 262 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। साथ ही उनकी तलाश के लिए टीमों को सक्रिय किया गया है।
घटना ने अदालत परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित