रायपुर , अगस्त 06 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक स्कूली छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में छात्रा के पैर की हड्डी टूट गई। उसे पहले एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) रायपुर रेफर किया गया। घटना का वीडियो भी आज सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, घायल छात्रा की पहचान महिमा ध्रुव के रूप में हुई है। परिजनों की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
दर्ज शिकायत के मुताबिक, टिकरापारा निवासी आनंद ने पुलिस को बताया कि उनकी भांजी महिमा ध्रुव अपनी बहन खुशी ध्रुव और हर्ष ध्रुव के साथ कटोरा तालाब स्थित स्कूल से ऑटो के जरिए घर लौट रही थी। तीनों कंकाली तालाब पहुंचने के बाद डी मार्ट गली की ओर पैदल जा रहे थे।
शिकायत के अनुसार, बुधवार शाम करीब 5:55 बजे शीतला मंदिर गली में पुरुषोत्तम अग्रवाल के घर के पास पहुंचते ही कंकाली तालाब की ओर से तेज गति से आ रही कार ने महिमा ध्रुव को टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित