रायपुर , मार्च 15 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सड़क सुरक्षा को पुख्ता करने और दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए यातायात पुलिस ने 'ड्रंक एंड ड्राइव' के खिलाफ अपनी मुहिम तेज कर दी है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और पुलिस उपायुक्त (यातायात) विकास कुमार के विशेष निर्देशों पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत शनिवार की रात एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। पुलिस ने शहर के विभिन्न हिस्सों में सघन चेकिंग अभियान चलाकर नशे की हालत में वाहन चला रहे 132 लोगों को पकड़ा है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) विवेक शुक्ला के नेतृत्व में शनिवार रात शहर के आठ संवेदनशील और प्रमुख स्थानों पर नाकाबंदी की गई थी। इस विशेष चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने ब्रेथ एनालाइजर के जरिए वाहन चालकों की जांच की, जिसमें 132 चालक शराब के नशे में पाए गए। इन सभी आरोपियों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बताया कि इन सभी चालकों को सोमवार को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा, जहां उनके लाइसेंस निलंबन और जुर्माने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

यातायात पुलिस द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 की शुरुआत से ही पुलिस का रुख बेहद सख्त रहा है। जनवरी माह से लेकर अब तक शहर में 1100 से अधिक ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है जो शराब पीकर सड़कों पर वाहन दौड़ा रहे थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं के पीछे नशा एक प्रमुख कारण है, जो न केवल चालक बल्कि सड़क पर चलने वाले निर्दोष नागरिकों की जान के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित