रायगढ़ , मई 21 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बुधवार को 51 हाथियों का दल एक साथ सड़क पार करते नजर आया, जिसके चलते कुछ समय तक मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।
वन विभाग से आज मिली जानकारी के अनुसार कल शाम करीब छह बजे छाल रेंज क्षेत्र में बोजिया की ओर से हाथियों का बड़ा दल औरानारा रोड की तरफ जाते देखा गया। इस दौरान हाथियों के सड़क पार करने तक दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। दल में हाथियों के कई बच्चे भी शामिल बताए गए हैं।
हाथियों की लगातार गतिविधि को देखते हुए वन विभाग और हाथी मित्र दल की टीम ने बोजिया, चितापाली, पुस्लदा, खेदापाली सहित आसपास के गांवों में ग्रामीणों को जंगल की ओर नहीं जाने की सलाह दी है। गांवों में मुनादी कर लोगों को सतर्क रहने और हाथियों से दूरी बनाए रखने की समझाइश भी दी जा रही है।
वन विभाग के अनुसार रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल क्षेत्र में वर्तमान में 133 हाथी अलग-अलग दलों में विचरण कर रहे हैं। इनमें 44 नर, 68 मादा और 20 बच्चे शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित