रायगढ़ , अक्टूबर 25 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पूंजीपथरा पुलिस ने अवैध कबाड़ के परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 12 चक्का ट्रक जब्त किया है। ट्रक में 17.650 टन कबाड़ लोड था, जिसकी कीमत 5 लाख 29 हजार 500 रुपए आंकी गई है। पुलिस ने ट्रक चालक रमेश यादव (45) को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक में बड़ी मात्रा में कबाड़ लोड कर परिवहन किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने तमनार चौक के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई।
चालक ने अपनी पहचान रमेश यादव (45), निवासी रसूलपुर, थाना सरायमीर, जिला आजमगढ़, उत्तर प्रदेश के रूप में बताई। ट्रक की जांच के दौरान उसमें बड़ी मात्रा में कबाड़ मिला। पुलिस ने चालक से कबाड़ के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह पहले टालमटोल करता रहा और बाद में कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने 12 चक्का ट्रक सहित उसमें लोड 17.650 टन कबाड़ जब्त कर लिया। जब्त कबाड़ की कीमत 5 लाख 29 हजार 500 रुपए बताई गई है। मामले में पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पूंजीपथरा क्षेत्र के उद्योगों में अवैध कबाड़ खपाए जाने की आशंका जताई जा रही है। बताया जाता है कि क्षेत्र में इस तरह के कारोबार की शिकायतें पहले भी सामने आ चुकी हैं और कबाड़ से लदे ट्रक पकड़े जाने के मामले भी हुए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित