रायगढ़ , अप्रैल 24 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले स्थित केलो विहार हाउसिंग सोसायटी के निवासियों का 35 वर्षों पुराना इंतजार आज समाप्त हो गया, जब राज्य के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने उन्हें उनकी आवंटित जमीन का आधिकारिक मालिकाना हक सौंपा।
सोसायटी में रहने वाले सेवानिवृत्त शासकीय कर्मचारियों को वर्षों पहले आवासीय भूमि आवंटित की गई थी, लेकिन लंबे समय तक उनके पास स्वामित्व सिद्ध करने के लिए आवश्यक सरकारी दस्तावेज नहीं थे। इस कारण उन्हें लगातार असुरक्षा और अनिश्चितता का सामना करना पड़ रहा था।
बताया गया कि कई बार सरकारें बदलीं और जनप्रतिनिधि भी बदले, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। इस दौरान निवासियों ने अपनी मांग को लेकर संघर्ष भी किया।
चुनाव के दौरान केलो विहार के निवासियों ने अपनी समस्या वित्त मंत्री ओपी चौधरी के समक्ष रखी थी। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने मामले में आ रही प्रशासनिक बाधाओं को दूर करते हुए समाधान सुनिश्चित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित