रायगढ़ , जुलाई 24 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए 26.484 किलोग्राम गांजा के साथ एक अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे "ऑपरेशन आघात" के तहत थाना लैलूंगा पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजा लेकर एक कार उत्तर प्रदेश की ओर जा रही है। सूचना के आधार पर कटकलिया-फोकटपारा तिराहा के पास नाकाबंदी की गई।

उन्होंने बताया कि पुलिस को देखकर चालक ने वाहन मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अर्जुन उपाध्याय निवासी कैथापुर, थाना राजा तालाब, जिला वाराणसी (उत्तर प्रदेश) बताया।

वाहन की तलाशी में 13 पैकेटों में रखा 26.484 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजा की अनुमानित कीमत 13.24 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली, जिसकी कीमत लगभग तीन लाख रुपये बताई गई है। जब्त संपत्ति का कुल मूल्य 16.24 लाख रुपये से अधिक है।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित