रायगढ़ , अप्रैल 27 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार "सही दवा, शुद्ध आहार- यही छत्तीसगढ़ का आधार" थीम पर 15 दिवसीय विशेष सघन जांच अभियान सोमवार से शुरू हो गया। यह अभियान 11 मई तक संचालित किया जाएगा।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार अभियान का मुख्य उद्देश्य मिलावटखोरी और नकली दवाओं के अवैध कारोबार पर रोक लगाना तथा आम नागरिकों को सुरक्षित, शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री एवं दवाएं उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही लोगों को स्वच्छ एवं पौष्टिक आहार तथा सुरक्षित दवा उपयोग के प्रति जागरूक करना भी अभियान का अहम हिस्सा है।

कलेक्टर के निर्देश पर आज सुबह रायगढ़ शहर में संयुक्त टीम ने विभिन्न डेयरियों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो, तहसीलदार शिव कुमार डनसेना तथा खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम मौजूद रही।

निरीक्षण के दौरान जगदीश डेयरी, संतोष डेयरी और विकास डेयरी एंड स्वीट्स से दूध, दही, पनीर और खोवा के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जिला प्रशासन ने बताया कि सैंपलों की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के तहत आगे भी नियमित निरीक्षण जारी रहेंगे, ताकि आम नागरिकों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके। इस दौरान खाद्य एवं औषधि प्रशासन की अभिहित अधिकारी सुधा चौधरी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नेमीचंद पटेल तथा नमूना सहायक सुमन अग्रवाल उपस्थित रहीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित