रायगढ़ , मई 01 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस विभाग द्वारा "पुलिस यूथ यूनिटी" पहल के अंतर्गत शुक्रवार को दो दिवसीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ अग्रोहा भवन में किया गया। आयोजन का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को सकारात्मक मंच प्रदान करते हुए उन्हें खेलों के माध्यम से अनुशासन, आत्मविश्वास और देशभक्ति की भावना से जोड़ना है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि यह पहल कम्युनिटी पुलिसिंग का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसका उद्देश्य बच्चों और युवाओं में पुलिस के प्रति विश्वास और सद्भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है और वे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक आगे बढ़ सकते हैं।

उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले ताइक्वांडो फेडरेशन, अनुभवी खिलाड़ियों और सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद संयुक्त प्रयासों से प्रभावशाली आयोजन संभव हो सका।

प्रतियोगिता की विशेषता यह रही कि इसमें दिव्यांग बच्चों को भी भाग लेने का अवसर प्रदान किया गया। एसएसपी ने कहा कि दिव्यांग बच्चे समाज का अभिन्न हिस्सा हैं और उनके भीतर भी असाधारण प्रतिभा होती है। उनका प्रदर्शन सभी के लिए प्रेरणादायक रहा और इससे उनके आत्मविश्वास में वृद्धि होगी।

इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिजीत बबन पठारे ने भी पहल की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अनेक प्रतिभाएं मौजूद हैं, जिन्हें उचित मंच नहीं मिल पाता। पुलिस विभाग के सहयोग से इन प्रतिभाओं को पहचान और प्रोत्साहन मिल रहा है, जो सराहनीय है। उन्होंने दिव्यांग बच्चों की भागीदारी को आयोजन की सबसे बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे समाज में समानता और समावेशिता का संदेश जाता है।

यह प्रतियोगिता न केवल खेल कौशल को बढ़ावा देने का माध्यम बनी है, बल्कि बच्चों और युवाओं के लिए प्रेरणादायक अनुभव भी साबित हो रही है। "पुलिस यूथ यूनिटी" के इस प्रयास ने यह संदेश दिया है कि उचित दिशा और मंच मिलने पर हर प्रतिभा निखर सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित