रायगढ़ , मई 24 -- छत्तीसगढ़ में रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वनमंडल अंतर्गत छाल रेंज में रविवार को एक हाथी के बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हाथी का बच्चा तालाब में डूब गया, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार घटना छाल रेंज के चंद्रशेखरपुर बीट क्षेत्र की है, जहां पुसलदा निवासी बोटलाल राठिया के राजस्व भूमि पर बने तालाब में हाथी का बच्चा मृत अवस्था में मिला। बताया जा रहा है कि हाथी के बच्चे को उसकी मां तालाब के बीच से बाहर निकालकर किनारे तक लाई।

घटना की सूचना मिलते ही वन मंडल अधिकारी, सहायक वन अधिकारी (एडीओ), रेंजर तथा छाल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वन विभाग ने हाथी के बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिसके बाद मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

उल्लेखनीय है कि छाल रेंज में लगभग एक माह के भीतर हाथियों से जुड़ी यह लगातार तीसरी घटना है, जिससे वन विभाग की चिंता बढ़ गई है। क्षेत्र में हाथियों की लगातार गतिविधियों और हो रही घटनाओं को लेकर वन विभाग सतर्कता बरत रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित