रायगढ़ , जुलाई 03 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में जंगली हाथियों पर पत्थर और पटाखे फेंककर उन्हें भड़काने तथा दौड़ाने के मामले में वन विभाग ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

वन विभाग के अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के छर्राटांगर बस्ती के समीप गत शनिवार सुबह जंगल से निकले दो हाथियों को कुछ ग्रामीणों ने दौड़ाया तथा उन पर पत्थर और पटाखे फेंके। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभाग ने इसकी जांच शुरू की।

प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) अरविंद पी.एम. के निर्देश तथा उप वनमंडलाधिकारी (एसडीओ) आशुतोष मांडवा के मार्गदर्शन में रेंजर विक्रांत कुमार के नेतृत्व में टीम ने वीडियो फुटेज और घटनास्थल का सत्यापन किया। जांच के दौरान वीडियो में दिखाई दे रहे दो युवकों की पहचान मनमोहन राठिया (30) और करम सिंह राठिया (33) के रूप में हुई।

दोनों आरोपियों के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है। उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

वन विभाग ने बताया कि क्षेत्र में हाथियों की लगातार निगरानी की जा रही है। हाथियों के आबादी के निकट पहुंचने पर विभागीय अमला मौके पर मौजूद रहता है, लेकिन कई बार ग्रामीण चेतावनी और समझाइश की अनदेखी कर देते हैं, जिससे ऐसी घटनाएं सामने आती हैं।

एसडीओ आशुतोष मांडवा ने लोगों से अपील की है कि हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और उनके निकट जाकर वीडियो या रील बनाने का प्रयास न करें। उन्होंने कहा कि हाथियों पर पत्थर फेंकना, पटाखे जलाना अथवा किसी भी प्रकार से उन्हें उकसाना वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत गैर-जमानती अपराध है और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित