रायगढ़ , जुलाई 15 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सामाजिक सुरक्षा पेंशन के भुगतान में कथित देरी को लेकर बुधवार को हितग्राहियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के वित्त मंत्री एवं स्थानीय विधायक ओ.पी. चौधरी के निवास कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि वृद्धा, विधवा, दिव्यांग और निराश्रित पेंशन के हितग्राहियों को पिछले आठ से नौ महीनों से सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि नहीं मिली है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के सामने रोजमर्रा का खर्च चलाना भी मुश्किल हो गया है।
हाथों में तख्तियां लेकर पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लंबित पेंशन राशि का तत्काल भुगतान करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन पर निर्भर हजारों हितग्राही लंबे समय से भुगतान का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। वित्त मंत्री के निवास कार्यालय के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सभी लंबित पेंशन की राशि शीघ्र हितग्राहियों के खातों में जमा नहीं कराई गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
फिलहाल इस मामले में प्रशासन अथवा राज्य सरकार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित