रायगढ़ , अप्रैल 17 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में वन विभाग की टीम ने सांभर के अवैध शिकार के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सांभर का पका हुआ मांस और संबंधित सामग्री जब्त की गई है।
वन विभाग से शुक्रवार को मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि रायगढ़ रेंज के देलारी गांव में कुछ लोग वन्यप्राणी का मांस पकाकर खाने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए वन अमला मौके पर पहुंचा और गांव में संदिग्ध घरों की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान देलारी निवासी आत्माराम, मायराम, हरिश्चंद्र साव और तरुण के घरों से सांभर का पका हुआ मांस बरामद किया गया।
वहीं, मोतराम राठिया के घर की जांच में पता चला कि वह लगभग एक किलो मांस पहले ही पका कर खा चुका था। वन विभाग ने मौके से मांस एवं उपयोग में लाए गए बर्तनों को जब्त कर लिया। सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर रेंज कार्यालय लाया गया, जहां पूछताछ में उन्होंने जंगल में सांभर का शिकार करने और उसका मांस पकाने की बात स्वीकार की।
एसडीओ तन्मय कौशिक ने बताया कि गांव के कई घरों से सांभर के अवशेष मिले हैं। अधिकांश मांस पकाया जा चुका था, जिनके नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 39, 50 और 51 के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित