रायगढ़ , मार्च 29 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले मे मॉडिफाइड साइलेंसर लगे वाहनों के खिलाफ पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए सख्त कार्रवाई की है। इस दौरान 11 वाहनों को जब्त कर उनके साइलेंसर हटाए गए तथा चालानी कार्रवाई की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में शहर के विभिन्न चेक प्वाइंट पर सघन वाहन जांच अभियान संचालित किया गया।
जांच के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने शहर के अलग-अलग चौराहों से 11 ऐसे वाहनों को पकड़ा, जिनमें तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगे हुए थे। सभी वाहनों को ट्रैफिक थाना लाकर कार्रवाई की गई। आज संबंधित वाहन चालकों और उनके अभिभावकों को पुलिस कार्यालय बुलाया गया, जहां एसएसपी ने नियमों के उल्लंघन पर कड़ी फटकार लगाई और भविष्य में ऐसी गलती दोहराने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
पुलिस ने थाने में ही इन वाहनों से मॉडिफाइड साइलेंसर निकलवाकर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान किया।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में ऐसे करीब 50 साइलेंसर जब्त किए गए थे, जिन्हें ट्रैफिक थाना परिसर के पीछे पुलिस कॉलोनी में बुलडोजर से नष्ट किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित