रायगढ़ , मई 16 -- ) छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में महिला अधिवक्ता आराधना सिदार की हत्या के मामले का पुलिस ने मृतका के प्रेमी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने शादी के दबाव से परेशान होकर हत्या की साजिश रची थी।

पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने शनिवार को बताया कि 12 मई को पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के जंगल में एक अज्ञात महिला का नग्न अवस्था में शव बरामद हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, एफएसएल तथा डॉग स्क्वॉड की टीम ने जांच शुरू की।

जांच के दौरान घटनास्थल से मिले कपड़ों, सैंडल और अन्य सामान के आधार पर मृतका की पहचान लैलूंगा निवासी 31 वर्षीय अधिवक्ता आराधना सिदार के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने कॉल डिटेल, तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।

सीसीटीवी फुटेज में एक युवक महिला को मोटरसाइकिल पर ले जाते दिखाई दिया। बाइक नंबर के आधार पर पुलिस सक्ती निवासी लोकनाथ पटेल तक पहुंची। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी लोकनाथ पटेल का मृतका के साथ पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध था। आरोपी पहले से विवाहित था, जबकि मृतका उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी। इससे परेशान होकर उसने हत्या की योजना बनायी।

आरोपी 10 मई को मृतका को अपने साथ सक्ती और दमाऊधारा मंदिर घुमाने ले गया। दोनों एक लॉज में रुके, जहां आरोपी ने फर्जी नाम से कमरा लिया। अगले दिन आरोपी महिला को सुनसान जंगल में ले गया और गला दबाकर बेहोश करने के बाद पत्थर तथा धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित