रायगढ़ , जनवरी 12 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के जमगांव स्थित एमएसपी पावर प्लांट तक जाने वाले ट्रेलर बीते पांच दिनों से प्लांट नहीं पहुंच पा रहे हैं। प्रशासन द्वारा शहर से होकर गुजरने वाले सभी मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाए जाने से स्थिति गंभीर हो गई है। वहीं, गोवर्धनपुर पुलिया जर्जर होने के कारण पूरी तरह बंद है जिससे ट्रेलर मालिकों के सामने आवाजाही का कोई वैकल्पिक मार्ग नहीं बचा है।

इस समस्या को लेकर ट्रेलर मालिक सोमवार को कलेक्टर के पास पहुंचे और शहर में सीमित समय के लिए वाहनों को गुजरने की अनुमति देने का आवेदन सौंपा। ट्रेलर मालिकों ने बताया कि वे वर्षों से जमगांव स्थित एमएसपी तक माल परिवहन करते आ रहे हैं। पहले गोवर्धनपुर पुलिया के माध्यम से आवागमन होता था लेकिन पुलिया के क्षतिग्रस्त होने के बाद बीते दो वर्षों से वाहन शहर के भीतर से होकर गुजर रहे थे।

ट्रेलर मालिकों का कहना है कि हाल ही में प्रशासन द्वारा शहर के अंदर ट्रेलरों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है जिसके कारण उनके वाहन पिछले चार दिनों से खड़े हैं। उन्होंने प्रशासन से प्रतिदिन कम से कम एक घंटे की सीमित अनुमति देने की मांग की है ताकि पावर प्लांट तक माल पहुंचाया जा सके।

उल्लेखनीय है कि गोवर्धनपुर पुलिया पर रोक के बाद भारी वाहन उर्दना से सर्किट हाउस मार्ग होकर गुजर रहे थे, जहां तीन दिनों में दो लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद स्थानीय निवासियों ने वार्ड पार्षद के नेतृत्व में चक्का जाम कर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा और इस मार्ग पर भारी वाहनों पर रोक लगाने की मांग की थी। जिला प्रशासन ने मांग को स्वीकार करते हुए उक्त मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही तत्काल बंद कर दी।

अब इस निर्णय का असर एमएसपी जाने वाले ट्रेलरों पर भी पड़ा है। ट्रेलर मालिकों का कहना है कि फिलहाल एमएसपी तक पहुंचने का कोई अन्य मार्ग उपलब्ध नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि सीमित समय के लिए शहर से आवागमन की अनुमति नहीं दी गई, तो उन्हें रिंग रोड या गोवर्धनपुर पुलिया के पुनर्निर्माण तक इंतजार करना पड़ेगा, जिससे उनकी समस्याएं और बढ़ेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित