रायगढ़ , मई 27 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ शहर में ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को लेकर मुस्लिम समाज में उत्साह का माहौल है। कुर्बानी के इस पर्व के लिए शहर में पिछले एक माह से बकरों की खरीद-बिक्री का दौर जारी है। इस बार एक लाख से डेढ़ लाख रुपये तक कीमत वाले महंगे बकरे भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

जानकारी के अनुसार पंजाब, ओडिशा तथा आसपास के जिलों से विशेष नस्ल के बकरे रायगढ़ लाए गए हैं। बीड़पारा निवासी शानू खान ने बताया कि उन्होंने करीब छह माह पहले पंजाब से बीटल नस्ल के दो बकरे मंगाए थे। इसके अलावा उनके पास अन्य बड़े आकार के बकरे भी हैं। गर्मी को देखते हुए बकरों की देखभाल के लिए कूलर की व्यवस्था की गई है तथा उन्हें हरी सब्जियां, चना और विशेष दाना खिलाया जा रहा है।

बीड़पारा निवासी फैल अहमद ने बताया कि वे ओडिशा से बड़े आकार के बकरे लेकर आए हैं, जिनमें दो बकरों की कीमत करीब 55 से 60 हजार रुपये है। उन्होंने कहा कि बकरों की विशेष देखरेख की जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार शहर में इस बार एक लाख से डेढ़ लाख रुपये तक कीमत वाले बकरों की खरीद हुई है, जबकि 20 से 30 हजार रुपये तक के बकरों की भी बड़ी संख्या में बिक्री हुई है।

बकरीद का पर्व गुरुवार को मनाया जाएगा। इस अवसर पर शहर की विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा की जाएगी। घड़ी चौक स्थित ईदगाह में सुबह आठ बजे, चांदमारी के शाही ईदगाह में सुबह साढ़े आठ बजे, गांजा चौक स्थित जामा मस्जिद में सुबह छह बजे, लाल टंकी स्थित नूरी मस्जिद में सुबह छह बजे, मधुबन पारा स्थित मस्जिद गरीब नवाज में सुबह सवा छह बजे तथा जूटमिल स्थित सुन्नी मक्का मस्जिद में सुबह सात बजे नमाज अदा की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित